मुजफ्फरनगर जिले में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में चाचा-भतीजे सहित तीन की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। जिसके बाद मौके पर कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। वहीं अफसरों ने हंगामा कर रहे लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
शहर से सटे गांव सरवट निवासी अबरार (45) पुत्र नसीर बैंड का कारोबार करते थे। जिनका हीरा बैंड नाम से प्रसिद्ध बैंड है। रविवार देर रात अबरार अपने भतीजे शाहरुख (23) पुत्र वाजिद के साथ देवबंद से जनरेटर लेकर पैदल ही शहर लौट रहे थे। जैसे ही चाचा-भतीजा रोहाना के निकट पहुंचे तो पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें कुचल दिया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां शाहरुख की उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर हालत में अबरार को पहले मेरठ और फिर दिल्ली रेफर किया गया। सोमवार सुबह उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं मोतीमहल के बैंड कारोबारियों में भी गम का माहौल है।
उधर, छपार में जनपद सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव साखन खुर्द निवासी कपिल त्यागी (38) पुत्र सुरेशचंद्र त्यागी की बरला निवासी सत्यपाल त्यागी के यहां ससुराल है। उसके परिवार में पांच साल का बेटा है। सोमवार को कपिल पत्नी नीलम को मायके छोड़ने आए थे। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही वे देवबंद-छपार मार्ग पर पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मारते हुए उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: दरोगा की सड़क हादसे में मौत, पत्नी का ऑपरेशन कराने के लिए छुट्टी लेकर आ रहे थे घर