सरधना। सिलेंडर में आग लगने से झुलसा साबिर। संवाद
मोहल्ला इस्लामाबाद में मचा हड़कंप, समय रहते आग पर पाया गया काबू
सरधना। नगर के मोहल्ला इस्लामाबाद में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। आग ने रसोई में रखे अन्य सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। मकान मालिक ने साहस दिखाते हुए जलते हुए सिलिंडर को बाहर फेंका, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। हालांकि इस प्रयास में दो महिला समेत साबिर झुलस गया।
मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी साबिर पुत्र इस्लाम के घर में बुधवार शाम उसकी पत्नी रसोई में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। अचानक सिलिंडर से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे वह घबरा गईं और तुरंत शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इस बीच साबिर ने साहसिक कदम उठाते हुए जलते सिलिंडर को रसोई से बाहर फेंका।
इस दौरान साबिर, शबाना और गुलशबा आंशिक रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने रेत और पानी की मदद से आग पर काबू पाया। यदि आग बुझाने में थोड़ी भी देर होती तो सिलिंडर फट सकता था और जानमाल की बड़ी हानि हो सकती थी। गनीमत यह रही कि लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।