सरधना। कालिंदी गांव में भैंस बांधने को लेकर चली आ रही रंजिश में सोमवार रात फिर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष के पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी सरधना ले जाया गया। यहां से गंभीर हालत में पिता-पुत्र को मेरठ रेफर कर दिया ।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात गांव निवासी कृष्णपाल और उसके चचेरे भाई राज सिंह उर्फ गुड्डू का नरेश और रमेश पक्ष से विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसमें राज सिंह, उसके पिता जयपाल और बेटा वासु घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जयपाल और वासु की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह 12 नवंबर को भैंस बांधने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।
बताया गया कि नरेश की भैंस खुलकर कृष्णपाल के घर पहुंच गई थी। आरोप है कि कृष्णपाल ने भैंस को बिना जानकारी दिए अपने घर में बांध लिया। तलाश करते हुए नरेश को भैंस कृष्णपाल के घर बंधी मिली तो वह ग्रामीणों के साथ पहुंचकर उसे वापस ले आया। इस दौरान कृष्णपाल पर भैंस चोरी करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत भी दी गई थी। हालांकि, 14 नवंबर को दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया था। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात इसी रंजिश में दोबारा विवाद हुआ। आरोप है कि कृष्णपाल और राज सिंह शराब के नशे में नरेश और रमेश के घर के सामने खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बात पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।