- विरोध करने पर बेटी को दी थी जान से मारने की धमकी, मां की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के एक गांव में पिता-पुत्री के रिश्ते को कलंकित करने का मामला सामने आया है। करीब 13 वर्षीय बेटी के साथ उसके पिता पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। घटना के दौरान विरोध करने पर आरोपी ने बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को पीड़िता की मां थाने पहुंची। उसने तहरीर में बताया कि वह किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान उसके पति ने घर में मौजूद करीब 13 वर्षीय बेटी के साथ यौन उत्पीड़न किया। आरोप है कि बेटी ने विरोध किया तो पिता ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घर लौटने पर महिला को बेटी ने आपबीती बताई। महिला ने पति से पूछताछ की तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद महिला बेटी को लेकर थाने पहुंची और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।