इंग्लैंड तथा यूरोपियन यूनियन के अन्य देशों में कोविड के नए रूप को लेकर जहां अलर्ट है, वहीं लंदन से मेरठ आए एक दंपती व उनका बच्चा कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। शुक्रवार रात आई इनकी पॉजिटिव रिपोर्ट से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
मेरठ के जिलाधिकारी के. बालाजी ने सीएमओ और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए हैं। सीएमओ डॉक्टर अखिलेश मोहन के अनुसार, 77 व्यक्ति दूसरे देशों से मेरठ में आए हैं। इनमें 9 दिसंबर से पहले 35 व्यक्ति आए, जबकि 9 दिसंबर के बाद 42 व्यक्ति आए।
टीपी नगर क्षेत्र के लल्लापुरा निवासी एक ही परिवार के तीन व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, इनमें एक महिला व परिवार के दो अन्य लोग संक्रमित मिले हैं। यह परिवार 14 दिसंबर की रात को लंदन एयरपोर्ट से पहले दिल्ली आया। जहां से 15 दिसंबर को मेरठ आया। परिवार के कई अन्य लोग भी विदेश से आए हैं।
विदेश से आने वाले सभी 77 लोगों की कोरोना की जांच कराई गई है। जिनमें कुछ की रिपोर्ट आई है, अन्य की रिपोर्ट आनी बाकी है। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डाॅ.अखिलेश मोहन ने कहा कि इंग्लैंड से आए पति-पत्नी और उनका बच्चा कोरोना पाॅजिटिव मिला है। इनको ट्रेस कर लिया गया है और इनको क्वारंटीन में रखा है। ये एसिम्टोमैटिक हैं और इनका स्वास्थ्य स्थिर है।