सरधना। गांव ईकड़ी में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एक सप्ताह पहले 23 फरवरी को संत रविदास मंदिर कमेटी के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष हो गया था। एक पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में गोली लगने से महिला की मौत हो गई थी।
गांव में संत रविदास जयंती कमेटी के रुपये के लेनदेन को लेकर शिम्भू दयाल व गिरवर में संघर्ष हो गया था। शिम्भू, उसकी पत्नी मुकेश, बेटी ममता और बेटा आदेश गोली लगने से घायल हो गये थे। उपचार के दौरान 24 फरवरी को मुकेश की मौत हो गई थी। बेटे आदेश ने गांव के नौ लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। बुधवार को तीन आरोपी सोहनवीर पुत्र गिरवर, विपिन कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी पांचली और नरेंद्र पुत्र जगदीश निवासी बुपाड़ा थाना मंसूरपुर पुलिस ने गिरफ्तार किए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक तमंचा 315 बोर, दो कारतूस और बलकटी बरामद की है।