फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसों में दुकानदार समेत तीन की मौत, छह घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
परीक्षितगढ़/किठौर। अलग-अलग जगह हुए तीन हादसों में दुकानदार समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। आसिफाबाद-गढ़मुक्तेश्वर मार्ग पर अज्ञात वाहन की साइड लगने से कार गेहूं के खेत में पलट गई। हादसे में कार सवार दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी घायल हैं। किठौर के बागवाला मार्ग पर अनियंत्रित कार खंभे से टकरा गई, जिसमें एक युवक की मौत हुई और तीन घायल हैं। मवाना मार्ग पर दो बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई।
विज्ञापन

थाना किठौर के गांव नदल्लीपुर निवासी सूरज (35) परीक्षितगढ़ में जूतों की दुकान चलाता था। चार दिन पहले ही उसकी पत्र्नी शिखा ने बेटी को जन्म दिया था। रविवार को सूरज अपने साथी नारंगपुर निवासी तेज सिंह उर्फ बिल्लू व दीपक के साथ कार में सवार होकर शिखा और नवजात बेटी को होली पर घर छोड़कर वापस लौट रहा था। वापसी में उसके गांव का राजकुमार भी लिफ्ट लेकर कार में सवार हो गया। गढ़मुक्तेश्वर मार्ग पर नदल्लीपुर के पास अज्ञात वाहन की साइड लगने से कार गेहूं के खेत में पलट गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मदद के लिए दौड़े। सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घायल राजकुमार, तेज सिंह व दीपक को उपचार के लिए नगर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया। राजकुमार की हालत गंभीर होने पर मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।
किठौर के तबीयतपुर जुनबी निवासी पूरब सिंह (25) रविवार दोपहर के समय अपने तीन साथियों के साथ कार में सवार होकर नदल्लीपुर से बागवाला की ओर जा रहा था। बागवाला के निकट कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में पूरब सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके तीनों साथी गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल में भर्ती कराया है। उधर, थाना प्रभारी अरविंद मोहन शर्मा ने बताया की शनिवार रात किठौर-मवाना मार्ग पर ऐंची के पुल के पास दो बाइक की भिड़ंत हो गई, एक बाइक सवार गढ़मुक्तेश्वर निवासी आरिफ (25) की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक सवार युवक फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
विज्ञापन

------------------
मातम में बदल गई होली की खुशियां
परीक्षितगढ़। हादसे के बाद नदल्लीपुर और नारंगपुर गांव में गम का माहौल है। मृतक दुकानदार सूरज परीक्षितगढ़ में ही किराए के मकान में रहता था। होली के त्योहार पर पत्नी और नवजात बेटी को घर छोड़कर वापस लौट रहा था। राजकुमार की हालत गंभीर है, जबकि नारंगपुर निवासी तेज सिंह व दीपक घायल है। हादसे से दोनों गांव में गम का माहौल बन गया।
------------------
नामकरण से पहले उठा पिता का साया
परीक्षितगढ़। सूरज के घर में बेटी के जन्म पर खुशी का माहौल था। होली के त्योहार के बाद नामकरण संस्कार कराए जाने की तैयारी चल रही थी। लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को छीन लिया। नवजात के सिर से पिता का साया उठ गया।
----------------------------
बाइक में साइड लगने से नाराज लोगों ने कैंटर चालक को पीटा
सरधना। भामौरी निवासी कपिल व राहुल बाइक पर सवार होकर रविवार सुबह पुलिस चौकी की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। विपरीत दिशा से आ रहे कैंटर की साइड लगने से बाइक सवार गिर गए। नाराज लोगों ने कैंटर चालक को पकड़कर पिटाई कर दी। मौके पर हंगामा हुआ। कैंटर चालक ने थाने में तहरीर देते हुए आरोप है लगाया कि नाम पता पूछकर मारपीट की। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे और समझौता करा दिया।
विज्ञापन

---------------
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें