तांत्रिक क्रिया कर रहे पुजारी और उसके साथियों को भीड़ ने पीटा
बहसूमा। शनिवार देर रात भूमिया खेड़ा के परिसर में तांत्रिक क्रिया कर रहे पुजारी और उसके दो साथियों को ग्रामीणों ने धुनाई कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को भीड़ से बचाया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, कारतूस और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
भूमिया खेड़ा पर दिव्यांग व्यक्ति तीन माह से पुजारी बनकर रह रहा था। शनिवार रात बहसूमा व महमूदपुर सिखेड़ा के ग्रामीणों ने भूमिया खेड़ा पर रामायण पाठ कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि परिसर के दूसरे हिस्से में दिव्यांग पुजारी अपने दो साथियों के साथ रात करीब 12:30 बजे मांस से तांत्रिक क्रिया करने लगा। जानकारी मिलते ही ग्रामीण एकत्र हो गए। इस पर पुजारी ने ग्रामीणों को धमकाना शुरू कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुजारी और उसके दोनों साथियों की धुनाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह भीड़ से तीनों को बचाया। तलाशी में आरोपियों से पुलिस ने एक तंमचा, कारतूस और आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की है। इस दौरान भीड़ ने प्रकरण की पूरी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। एसओ मुकेश कुमार का कहना है कि पुजारी व उसके दो साथियों की हिस्ट्री खंगाली जा रही है।
महंत की हो चुकी हत्या
बहसूमा। दो साल पूर्व महमूदपुर गुल पर स्थित भूमिया खेड़ा पर बहसूमा निवासी महंत बबलू दास की धारदार हथियारों से गला रेतकर हत्या हो चुकी है। यह भूमिया खेड़ा चर्चाओं में बना रहता है।