बिजनौर जनपद के कारोबारी दंपती व उनकी चार वर्षीय पौत्री की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि कार चालक व एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेरठ भर्ती कराया है। एक परिवार में तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
नगर के मोहल्ला वाहिदनगर स्थित वारस कॉंप्लेक्स कॉलोनी निवासी कारोबारी अजीत गुप्ता (58), पत्नी पूनम गुप्ता, चार वर्षीय पौत्री अदित्रि गुप्ता और पड़ोसी सुधीर अग्रवाल के 14 वर्षीय पुत्र शौर्य को लेकर एक विवाह समारोह में दिल्ली गए थे। विवाह समारोह से लौटने के दौरान गुरुवार की देर रात्रि गाजियाबाद-खतौली नहर पटरी बाईपास मार्ग पर उनकी कार की तेज रफ्तार डीसीएम से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में अजीत गुप्ता, उनकी पत्नी पूनम गुप्ता व पौत्री अदित्रि गुप्ता की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार चालक योगेश मोहल्ला मकबरा नजीबाबाद निवासी और शौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को देकर घायलों को मेरठ उपचार के लिए भर्ती कराया। एक परिवार से तीन सदस्यों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना हो गए।
चार वर्ष पूर्व अजीत के पौत्र की सड़क हादसे में हुई थी मौत
चार वर्ष पूर्व मृतक कारोबारी अजीत गुप्ता के पुत्र अपूर्व हादसे का शिकार हुए थे। हादसे में अपूर्व को गंभीर चोटें आई थी जबकि उसके दो वर्षीय पुत्र की मौत हो गई थी। परिवार मासूम की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि गुरुवार की देर रात सड़क हादसे में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/