सरधना। थाना क्षेत्र के टेहरकी गांव में शनिवार शाम मामूली विवाद के बाद मारपीट हो गई। पूरे गांव में तनाव फैल गया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
घटना के अनुसार, सुबह कार्तिक उर्फ विष्णु घर के पास दुकान से सामान लेने गया था। दूसरे समुदाय का सोनू तेज रफ्तार बाइक लेकर गुजर रहा था। टकराने से बचने के लिए विष्णु ने उसे धीरे चलने के लिए कहा, जिससे सोनू ने गाली-गलौज कर दी। आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर घर भेज दिया। शाम को जब विष्णु फिर से सामान लेने गया तो सोनू अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और मारपीट कर दी। बचाव के लिए आए विष्णु के पिता मिंटू, चाची मीनाक्षी और दादी बाला भी घायल हो गए। आरोप है कि आरोपियों ने मौके पर पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी दी और भाग गए।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घायलों का प्राथमिक उपचार सीएचसी में कराया गया।गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि अफवाह में आकर स्थिति को और बिगाड़ने की कोशिश न करें।