पुलिस की टीम ने क्षेत्र के गांव लतीफपुर के जंगल में छापा मारते हुए मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने का लहन बरामद किया। शराब माफिया ने लहन को गड्ढे खोदकर पॉलिथीन में रखा हुआ था।
पुलिस ने बरामद करीब तीन हजार लीटर लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके साथ ही मौके पर शराब बनाने के उपकरण और तीन भट्ठियों को नष्ट किया गया। वहीं, पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर शराब बना रहे चार आरोपी फरार हो गए।
थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि रवि पुत्र गुल्लू, पीतम पुत्र गुरुबक्श सिंह, हरमीत पुत्र काला सिंह, गुरमुख उर्फ बैटरा पुत्र भजन सिंह निवासी लतीफपुर के खिलाफ अवैध शराब से संबंधित मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि अवैध शराब माफिया के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और अवैध शराब पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जाएगा, जिसके लिए क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।