बागपत। हिमाचल की क्यूएफएक्स कंपनी में निवेश कराकर 210 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में ईडी ने लविश को दूसरा झटका दे दिया। दुबई में छिपे लविश की नई कंपनी भी गूगल पर ब्लाक कर दी गई। इसका पता चलने पर निवेशकों की बेचैनी बढ़ गई है तो उन्होंने एजेंटों की तलाश शुरू कर दी।
ईडी की कार्रवाई के बाद दुबई में छिपे लविश कुमार ने अपनी बोट ब्रो कंपनी का नाम बदलकर एलबो बोट बिज कर दिया था। साथ ही निवेशकों को यह भी मैसेज भेजा गया कि कंपनी का नाम बदला है, काम नहीं। इसमे निवेशकों को महीने की छह और सात तारीख में निवेश की पूंजी का दस फीसदी मुनाफा खाते में ट्रांसफर करने का आश्वासन भी दिया गया। इसके बाद से निवेशक पुलिस के पास जाने से बच रहे है और बदले गए नाम की कपंनी एलबो बोट बिज की साइट खोलकर अपना स्टेटस भी देख रहे। बताया कि शनिवार शाम तक एलबो बोट बिज कंपनी की साइट खुलती रही, लेकिन रात में गूगल पर साइट भी बंद कर दी गई। एलबो बोट बिज कंपनी की साइट बंद होने का पता चलते ही निवेशक ज्यादा टेंशन में आ गए और एजेंटों को तलाशना शुरू कर दिया, लेकिन लविश के सभी एजेंट अपने फोन बंद कर भूमिगत है।