बिजनौर में दो सड़क हादसों में एक सेवानिवृत्त शिक्षक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा नूरपुर मार्ग स्थित जानकीपुर कॉलोनी के पास हुआ जिसमें सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा छोइया नदी के पास हुआ जिसमें टाटा मैजिक की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। उधर, बढ़ापुर में महिंद्रा पिकअप की चपेट में आकर एक बालक की भी मौत हो गई।
बिजनौर में नूरपुर मार्ग पर जानकीपुर कॉलीनी निवासी राजकीय इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक चेतन स्वरूप राणा सोमवार रात कॉलोनी के पास स्कूटी में पेट्रोल डलवाने जा रहा था। पेट्रोल डलवाकर लौटते समय कृष्णा कॉलेज के पास किसी वाहन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों व पुलिस को इस संबंध में सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। चेतन स्वरूप की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वहीं, शहर कोतवाली के गांव फरीदपुर निवासी 28 वर्षीय अनिल कुमार सोमवार की रात झालू मार्ग पर छोइया नदी पुल के पास किसी काम से खड़ा था। इस दौरान एक मैजिक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अनिल को राहगीरों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर किया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। अनिल की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।