कृषि विवि में तीन दिवसीय किसान मेला आज
मोदीपुरम (मेरठ)। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि में मंगलवार से तीन दिवसीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। कुलपति प्रो. केके सिंह ने सोमवार को इस मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय मेले में कृषि विवि से जुड़े सभी विज्ञान केंद्रों और विभिन्न कंपनियों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
दूरदराज से आने वाले किसानों को लाने के लिए केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि मेले में डॉग शो और गोलू-2 उन्नत नस्ल का भैंसा आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस भैंसे का वजन 1500 किलोग्राम है। इसके अलावा किसानों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए हर वर्ष की तरह किसान गोष्ठी और चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही फल-फूल, शाक-भाजी, परिरक्षित पदार्थ प्रदर्शनी, प्रतियोगिता एवं मूल्यांकन, वेस्ट यूपी में बासमती निर्यात की संभावनाओं पर संगोष्ठी, मनोरंजक कार्यक्रम, निजी फर्मोँ की प्रश्नोत्तरी और निशुल्क मृदा परीक्षण आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि बुधवार को कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव एवं मंत्री डॉ. संजीव बालियान मेले के दूसरे दिन के सत्र का शुभारंभ करेंगे।