बारिश में गिरी कच्चे मकान की छत
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद में बुधवार शाम करीब छह बजे तेज बारिश के दौरान कच्चा मकान गिर गया। इसके मलबे में दबकर तीन बच्चों की मौत हो गई। तीन लड़कियों और एक महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में शहर से सटे गांव बिलासपुर के मोहल्ला रमजानपुरा निवासी तराबुद्दीन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है, जबकि उसकी पत्नी घर पर ही सिलाई करती है। बुधवार शाम तराबुद्दीन की पत्नी पड़ोसी वकीलुद्दीन की पत्नी परवीन के साथ घर पर बैठी सिलाई कर रही थी। घर में तराबुद्दीन की बेटियां सानिया, रूहीना, रूबीना, इकलौता बेटा अरमान (05) के साथ ही वकीलुद्दीन की बेटी सना (05) और जोया (03) और पड़ोसी मोहसिन का बेटा अमन (08) भी पास में ही खेल रहे थे। हादसे के वक्त तेज बारिश हो रही थी, इसी दौरान अचानक तराबुद्दीन के कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई और मलबे में मकान में मौजूद सभी बच्चे व महिलाएं दब गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला।
वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां तीन मासूम बच्चों अरमान, सना और अमन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि परवीन, सानिया, रूबीना और जोया घायल हैं। सभी को जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में भर्ती किया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/