संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दिल्ली-देहरादून नेशनलहाईवे पर सिवाया टोल प्लाजा के आगे अचानक एक कार के चालक ने ब्रेक लगा दिए, जिस कारण तीन कारों की टक्कर हो गई। हादसे में एक कार चालक मामूली रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी कार आगे और पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित ने दौराला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मुजफ्फरनगर के आर्यपुरी निवासी संजय ने बताया कि वह शुक्रवार को अपनी कार से दिल्ली जा रहे थे। सिवाया टोल प्लाजा से आगे पहुंचने पर उनके आगे चल रही एक्सयूवी कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उनकी कार आगे चल रही एक्सयूवी से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रही वैगनआर कार भी उनकी कार से भिड़ गई। हादसे में उनकी कार दोनों ओर से क्षतिग्रस्त हो गई और उन्हें मामूली चोटें आईं। पीड़ित ने दौराला थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।