सरधना। नगर पालिका के वार्ड संख्या 15 में सभासद पद के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन एक प्रत्याशी ने पर्चा वापस ले लिया। इसके बाद कुल तीन प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
विज्ञापन
वार्ड 15 की पूर्व सभासद वसीला का कुछ माह पूर्व बीमारी के कारण निधन हो गया था। इसके चलते शासन द्वारा उपचुनाव की घोषणा की गई थी। नामांकन करने वाले प्रत्याशी साइदा पत्नी तराबुद्दीन, मंजू पत्नी जयभगवान, सलमा पत्नी शहजाद का नामांकन जांच में वैध पाया गया। इसके बाद तीनों प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव अधिकारी डॉ. सुभाष मलिक ने बताया कि गुलफ्शा पत्नी इरशाद ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। 6 अक्तूबर को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। मतदान 15 अक्तूबर को होगा। इस बीच सभी प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ ही प्रचार अभियान तेज कर दिया है और वार्ड के मतदाताओं से जनसंपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं।