महिला जिला अस्पताल के बाहर खड़ी तीन एंबुलेंस में लगी आग। आग लगने के कारणों का नहीं चल सका पता।
मेरठ। महिला जिला चिकित्सालय परिसर में खड़ीं तीन एंबुलेंस में शनिवार शाम अचानक आग लग गई। इस दौरान परिसर में मौजूद तीमारदारोंं में अफरातफरी मच गई। सूचना पर देहली गेट पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ी मौके पर पहुंचीं और आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद ही चिकित्सकों और तीमारदारों ने राहत की सांस ली। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि शराबियों ने बीड़ी पीकर एंबुलेंस के पास फेंक दी जिससे आग लगी है।
महिला अस्पताल में बनी एक बिल्डिंग फिलहाल खंडहर है। इसमें बेकार एंबुलेंस और अस्पताल का अन्य फालतू सामान पड़ा है। शनिवार शाम अचानक यहां खड़ीं तीन एंबुलेंस में आग लग गईं। आग की लपटें देखकर वहां मौजूद चिकित्सकों और तीमारदारों में भगदड़ मच गई। कुछ लोग जहां अपने मरीज की ओरभागते नजर आए तो कुछ लोग अस्पताल से बाहर भागने लगे। लोगों ने कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी। जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। इस दौरान तीनों एंबुलेंस जलकर राख हो गईं।
जिला महिला चिकित्सालय की प्रमुख अधीक्षक डाॅ. मीनाक्षी ने बताया कि शाम लगभग 6:30 बजे पुरानी बिल्डिंग में खड़ी खराब और पुरानी एंबुलेंस में आग लगी। कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि फायर ब्रिगेड ने आकर आग बुझा दी थी। कोई जनहानि नहीं हुई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि किसी ने बीड़ी फेंकी जिससे आग लग गई। वहीं कूड़े से भी आग लगने की चर्चा चल रही है।
कुछ दिन पहले भी लगी थी आग
महिला जिला चिकित्सालय में करीब दो महीने पहले भी आग लगी थी। हालांकि तब एसी फटने से डॉक्टर्स रूम में आग लगी थी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था। जिस समय आग लगी थी उस समय अस्पताल में डिलीवरी चल रही थी।