क्राइम ब्रांच की टीम से बचकर भाग रहे बदमाशों की कार गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर अटेरना गंगनहर पुल के पास पलट गई। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीन बदमाशों को दबोच लिया। एक मौके से फरार हो गया। स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस व क्राइम ब्रांच इंचौली थाना क्षेत्र की थी।
अटेरना निवासी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार दोपहर अटेरना गंगनहर पुल के पास एक सेंट्रो कार तेज गति से आ रही थी। उसमें एक महिला समेत पांच लोग सवार थे। उनका पीछा क्रेटा कार सवार कुछ लोग कर रहे थे। पुल के पास सेंट्रो कार पलट गई। उसमें सवार चारों युवक कार से निकल कर भागने लगे। कार में सवार महिला ने ग्रामीणों को बताया कि उसने कार में लिफ्ट ली थी। मौके पर दूसरी कार से पहुंचे लोगों ने बताया कि वह क्राइम ब्रांच से हैं। उनके साथ 100 डायल पुलिस वाहन भी था। पुलिस टीम ने पीछा कर तीन बदमाशों को पकड़ लिया। ग्रामीणों से ट्रैक्टर मंगवाकर पलटी गाड़ी को भी वहां से निकलवाकर साथ ले गई। इस संबंध में सीओ पंकज सिंह से का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है।