जानीखुर्द। थाना जानी क्षेत्र के एक गांव में तीन युवकों ने एक किशोरी का रास्ते से कार में अपहरण करने के बाद छेड़छाड़ व दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी प्रकार किशोरी आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची। पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर पीड़िता ने थाने पर शुक्रवार को आत्मदाह की धमकी दी। पीड़ित परिवार व ग्रामीणों ने थाने पर हंगामा किया। एसएसपी कार्यालय में भी शिकायत दी है।
क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग को बीते दिवस गांव के ही तीन युवकों ने रास्ते से खींचकर कार में डाल लिया। आरोपियों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर वीडियो बना लिया। आरोपियों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म का प्रयास भी किया। पीड़िता आरोपियों से बचकर किसी तरह अपने घर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे। परिवार वालों के अनुसार पुलिस ने तहरीर लेकर रख ली। मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पुलिस के सामने पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज न किए जाने पर थाने में आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। बाद में परिजनों ने ग्रामीणों के साथ थाने पर हंगामा भी किया। इसके बाद एसएसपी कार्यालय पर पहुंचकर शिकायत पत्र दिया।
सीओ संजय कुमार जायसवाल ने घटना की जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।