करोड़ों रुपये की सरकारी भूमि पर निर्माण हुआ बंद
हस्तिनापुर। कस्बे की मखदूमपुर कॉलोनी में पिछले कई दिनों से चल रहे अवैध निर्माण के रुकने के बाद अब कॉलोनी के लोगों ने एक वीडियो वायरल किया है। इसमें एक व्यक्ति उन्हें जान से मारने की धमकी देता नजर आ रहा है। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि निर्माण रुकने के बाद उक्त लोग बौखलाए हुए हैं और उन्हें लगातार धमकी दे रहे हैं।
कस्बे की मखदूमपुर कॉलोनी में मुख्य मार्ग पर स्थित शिव मंदिर पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हैं। इसमें पिछले लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष की ओर से मंदिर पर अवैध निर्माण कर लिया गया। दूसरा पक्ष लगातार इसकी शिकायत करता रहा परंतु निर्माण कार्य पूरा हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया। अब निर्माण कार्य रुकने के बाद उक्त लोग अपनी दबंगता से कॉलोनी के लोगों को डरा रहे हैं। इस मामले में कॉलोनी के लोगों ने 1.20 मिनट का वीडियो वायरल किया है। वायरल वीडियो में मंदिर में रहने वाला व्यक्ति कॉलोनी के लोगों को धमकी दे रहा है कि मामले से दूर रहो वरना जो लपेटे में आ गया वह मारा जाएगा।
वहीं, मखदूमपुर कॉलोनी निवासी महिला बृजेश पत्नी जॉनी ने मंदिर के पुजारी द्वारा जान से मारने की धमकी देने के बाद थाने में तहरीर दी है। बताया कि मंदिर का पुजारी उनके घर आया और गाली गलौज की। वह मारपीट पर उतारू हो गया और जान से मारने की धमकी देने लगा। सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि थाना प्रभारी से इस मामले की जानकारी की जा रही है। जानकारी करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।