पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गौतमनगर में सौरभ प्रजापति को रविवार को आरोपी पवन व उसके भाई रवि ने दुकान पर घेरकर पीटा। आरोपियों ने पीड़ित को खंभे से बांधकर तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गौतमनगर सब्जी मंडी निवासी सौरभ प्रजापति ने रविवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि गणेशपुरी निवासी पवन ने दो दिन पहले फोन कर उसके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि तुझे तेरे घर के बाहर मारकर खंभे पर लटका दूंगा। रविवार रात करीब 10 बजे वह किराना दुकान पर सामान लेने गया था। तभी आरोपी अपने भाई रवि के साथ वहां पहुंच गया।
आरोप है कि दोनों ने डंडा लेकर मारपीट कर दी। पीड़ित के अनुसार दोनों भाइयों ने तमंचा निकालकर गोली मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। आरोपी बाइक पर सवार होकर भाग गए। पीड़ित ने धमकी से संबंधित ऑडियो पुलिस को उपलब्ध करा दिए।एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।