महिला सिपाही से फेसबुक पर दोस्ती कर दी धमकी
मेरठ। महिला सिपाही को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर दोस्ती की और अब ब्लैकमेलिंग करना शुरू कर दिया। सिपाही ने शिकायत साइबर सेल में कर दी। इसकी जानकारी लगते ही पुलिस ने जांच कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी। हालांकि अभी उक्त युवक का पता पुलिस को नहीं मिला है।
बुलंदशहर की रहने वाली महिला सिपाही की पोस्टिंग मेरठ में है। उसके फेसबुक अकाउंट पर एक महीने पहले युवक ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, जिसे सिपाही ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद मेसेंजर पर मेसेज आने शुरू हो गए। आरोप लगाया कि युवक ने अश्लील मेसेज भेजे तो महिला सिपाही ने विरोध किया। इस पर आरोपी धमकी देने लगा। आरोपी ने सिपाही केे पारिवारिक फोटो फेसबुक अकाउंट से उठाकर उन्हें एडिट कर लिया।
अब आरोपी युवक सिपाही को फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा है। इस मामले की शिकायत सिपाही ने साइबर सेल में की, जिसके बाद जांच करनी शुरू कर दी। बताया गया है कि पुलिस उक्त युवक का पता लगने में जुटी हुई है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना कि साइबर सेल द्वारा जांच चल रही है।