संवाद न्यूज़ एजेंसी
खरखौदा। खरखौदा क्षेत्र के गांव कोल से बाइक सवार चोरों ने बच्चों को बहला फुसला कर घर के अंदर बंधा बकरा चोरी कर लिया। ग्रामीणों ने जब चोरों का पीछा किया तो हड़बड़ा कर कर चोर जंगल की ओर भाग लिए तथा सड़क किनारे बंद पड़े कुएं में गिर गए। ग्रामीणों ने दोनों बकरा चोर को दबोच कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घायल बकरा चोर को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने समझौते के नाम पर आरोपी पक्ष को थाना से ही छोड़ दिया। उधर, सोशल मीडिया पर पूरी घटना की वीडियो वायरल हो रही है।
गांव को कोल निवासी बाबर पुत्र नवाबुद्दीन के अनुसार, वह गाजियाबाद में किसी कंपनी में चालक है। बाबर के अनुसार बकरीद पर कुर्बानी के लिए उसने एक बकरा पाल रखा है। शुक्रवार को घर पर उसकी पत्नी व बच्चे ही थे। जिस कमरे में बकरा बंधा था वहां पर बच्चे खेल रहे थे। दोपहर के समय बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे तथा दोनों ने बच्चों को कुछ पैसे देकर दुकान से सामान लाने के लिए भेज दिया। मौका पाकर दोनों बाइक सवार बकरा चोरी कर कस्बा खरखौदा की ओर भाग लिए। जैसे ही बकरा चोर गली से निकले तो बाबर के भाई ने बाइक सवार द्वारा बकरा चोरी की घटना को भांप लिया। तुरंत ही उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए तथा बाइकों से उनका पीछा करने लगे। चोर मेन सड़क से न जाकर कोल से गांव छतरी को जाने वाले संपर्क मार्ग पर चल दिए।
उधर, ग्रामीणों ने भी उनका पीछा किया। कुछ दूर चलते ही उनकी बाइक अचानक नियंत्रित हो गई तथा बाइक पर बकरा पकड़े पीछे बैठा युवक बकरा सहित सड़क किनारे बंद पड़े कुएं में जा गिरा तथा बाइक चला रहा दूसरा साथी बाइक के साथ सड़क पर ही गिरकर घायल हो गया। पीछा कर रहे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी तथा दोनों बकरा चोर गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र के फरीदनगर निवासी दानिश व नईम को दबोच कर पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित पक्ष में इस मामले में थाना पर तहरीर दी। लेकिन पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार थे जिस कारण से पीड़ित पक्ष ने आरोपी बकरा चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। वहीं खरखौदा पुलिस ने आरोपियों के नाम पता होने से भी इन्कार किया है। वहीं बकरा चोरों की कुएं में गिरने वाली पूरी घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दो दिन से वह गढ़ बृजघाट में मेला ड्यूटी में आए हैं। इस घटना के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं।