संवाद समाचार एजेंसी
लावड़। कस्बे के मोहल्ला पटायतान में बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर मकान की छत के रास्ते अंदर पहुंचे और शीशा तोड़कर घर में घुस गए। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला पटायतान निवासी अय्यूब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका एक मकान बंद पड़ा हुआ था, जबकि बुधवार देर रात परिवार के लोग दूसरे घर में सो रहे थे। रात के समय चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए। आरोप है कि चोरों ने अंदर जाने के लिए गेट के ऊपर लगा शीशा तोड़ दिया और घर में प्रवेश कर गए। चोर घर में रखी एक सोने की अंगूठी, दो चांदी की अंगूठियां, कपड़े तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
खास बात यह रही कि मकान का मुख्य गेट और अंदर के ताले बंद अवस्था में मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर शीशा तोड़कर ही अंदर घुसे और उसी रास्ते से निकल गए। सुबह जब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची इंचौली थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। अय्यूब ने चोरों के खिलाफ तहरीर देकर चोरी का खुलासा करने और सामान बरामद कराने की मांग की है। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।