संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। क्षेत्र के गांव नाहली में चोरों ने एक मकान में घुसकर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता बुधवार सुबह नींद से जागने पर चला। कमरे में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नाहली निवासी भूरा पुत्र इलियास मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पीड़ित के अनुसार मंगलवार रात वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे। देर रात चोर मकान में घुस आए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी करीब 10 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह सामान की जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।