गोशाला के आय-व्यय के ब्यौरे को लेकर पंचायत में बखेड़ा
सरधना। कपसाड गांव में युवाओं द्वारा गांव में विकास कराने को लेकर युवा शक्ति संगठन का गठन किया है। संगठन के युवाओं ने गोशाला में घोटाले का आरोप लगाते हुए रविवार को गोशाला में ही पंचायत का आयोजन किया। पंचायत में गोशाला कमेटी द्वारा पांच वर्षों के आय-व्यय के ब्यौरे का हिसाब नहीं देने को लेकर जमकर बखेड़ा हुआ। पंचायत 30 जून को फिर से बुलाई गई है। यदि पंचायत आय-व्यय के ब्यौरे से संतुष्ट नहीं हुई तो गोशाला कमेटी को बदलने का निर्णय लिया जाएगा। रविवार को करीब पांच घंटे चली पंचायत बेनतीजा रही।
सरधना ब्लॉक के गांव कपसाड में स्थित गोशाला के नाम पर करीब साठ बीघा जमीन है। गोशाला और भूमि की देखरेख के लिए गांव की ही एक कमेटी कार्य कर रही है, जिसके वर्तमान अध्यक्ष संत सिंह और नैन सिंह, शिवकुमार, बीर सिंह समेत अन्य हैं। गांव के ही युवा शक्ति संगठन के आह्वान गोशाला के मुद्दे को लेकर रविवार को गोशाला में पंचायत का आयोजन किया गया। अध्यक्षता पंडित सेवाराम शर्मा व संचालन मास्टर सहदेव ने किया। पंचायत में गोशाला के अध्यक्ष संत सिंह व अन्य सदस्य के अलावा सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। करीब पांच घंटे तक भारी हंगामे के बीच चली पंचायत में कमेटी एक वर्ष का ही आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत कर सकी। जिसमें करीब 12 लाख रुपये खर्च व साढे़ आठ लाख रुपये की आय दिखाई। आय से अधिक खर्च पर संगठन पदाधिकारी व ग्रामीण संतुष्ट नजर नहीं आए। गोशाला कमेटी ने कहा कि यदि उन्हें आगे जिम्मेदारी दी जाती है तो गोशाला का 10 लाख रुपये का लाभ हर सूरत में दिखाएगी। ग्रामीणों ने कमेटी से पांच वर्षों को हिसाब मांगा। जिसे लेकर गोशाला कमेटी ने 30 जून तक का समय ग्रामीणों से मांगा। पंचायत में ग्राम प्रधान पति फेरू सिंह, राजेश शर्मा, सेवाराम शर्मा, अनुज, ग्राम पंचायत सचिव सचिन मलिक, शिवकुमार, मुकेश उर्फ हप्पू, आहिद आदि मौजूद रहे।