अपने भाई सुमित के साथ हर्षित (लाल घेरे में)
मेरठ जनपद में थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के अशोक नगर में छात्र हर्षित उर्फ हर्ष की रविवार देर रात हुई हत्या के मामले में पुलिस हत्यारोपियों तक पहुंच चुकी है। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा के अनुसार हर्षित के बड़े भाई सुमित के एक युवती से प्रेम संबंध हैं। जो रिश्तेदारी में ही है, जिसको लेकर परिवार में रंजिश पनप गयी थी। हमलावर सुमित को मारने आए थे। लेकिन हर्षित के गेट खोलने पर उसे ही गोली मारकर भाग गए थे।
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा सचिन मलिक के अनुसार झिटकरी सरधना निवासी किसान राजकुमार चौधरी की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। राजकुमार की पत्नी ममता अपने बेटे सुमित उर्फ शुभम, हर्षित और दो बेटियों के साथ अशोक नगर में रहती है। इसी मकान में राजकुमार का छोटा भाई प्रवीण भी परिवार के साथ रहता है। हर्षित की मां और चाची आपस में बहन हैं।
पढ़ें : सपा नेता की पत्नी-मां की दिनदहाड़े धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या
मोबाइल डिटेल से लगे सुराग
अस्पताल में जानकारी लेती पुलिस
एसपी सिटी मान सिंह चौहान के अनुसार सुमित एसडी सदर में कक्षा 12 का छात्र है। वारदात के बाद वह बात करने की स्थिति में नहीं था। पुलिस ने जब सुमित के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली तो सामने आया कि एक नंबर पर सुमित की लंबी बातें होती थीं। परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि यह नंबर सुमित की चाची की एक रिश्तेदार युवती का है, जिससे सुमित के प्रेम संबंध हैं।
सुमित के घर पर होने की थी सूचना
इंस्पेक्टर के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुमित के इस युवती से प्रेम संबंध हैं। जिसको लेकर परिवार में काफी एतराज चल रहा था। जो बाद में पारिवारिक रंजिश का रूप ले चुकी थी। इस युवती के भाई पंकज पुत्र सोहनवीर निवासी रोहटा ने सुमित को धमकी भी दी थी। जिसकी वजह से सुमित अक्सर घर पर नहीं रहता था। बताया गया कि रविवार को पंकज को सूचना मिली थी कि सुमित अपने घर पर ही है। जिसके चलते पंकज अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा था। लेकिन सुमित के बजाय गेट हर्षित ने खोला था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पंकज और उसकी मां समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
पढ़ें : बेटी... पिता जी अब बर्दाश्त नहीं होगा, सुपारी देकर Facebook फ्रेंड से करा दिया कत्ल
‘हर्षित जल्दी आ जाएगा’
अस्पताल के बाहर खड़े परिजन
खून से लथपथ हर्षित को जब अस्पताल ले जाया गया तो उसकी मां और बहन स्वाति लगातार अस्पताल में सुमित को फोन कर रही थीं। सुमित मां और बहन को रोते-रोते यहीं कहकर समझाता रहा कि बहन हर्षित ठीक है। आईसीयू में बेहोश है। अभी कुछ बोल नहीं रहा है। थोड़ी देर में ठीक हो जाएगा और घर पहुंच जाएगा। इसके बाद सुमित अस्पताल में दहाड़े मारकर रोने लगा। कहने लगा कि पिता पहले ही उन्हें छोड़कर चले गए। अब भाई की भी हत्या कर दी। वह कैसे अकेला परिवार की देखरेख करेगा।
पंकज ने कर दिया था हत्या का एलान
हर्षित की मौत के बाद उसकी मां का रो रोकर बुरा हाल था। बिलखते हुए कहा कि पंकज मुझे नहीं पता था कि तू मेरे चिराग को ऐसे बुझा देगा। तू जो धमकी देता था, मैं तो उसे रिश्तेदारी में वैसे ही समझती रही। मेरा सुहाग तो पहले ही उजड़ चुका। अब मेरा बेकसूर बेटा भी छीन लिया। इंस्पेक्टर के अनुसार नामजद आरोपी पंकज ने करीब छह माह पहले ही एलान कर दिया था कि सुमित या तो मेरी बहन से बात करना छोड़ दे, नहीं तो एक दिन अंजाम बुरा होगा। इंस्पेक्टर ने बताया कि तीन माह पहले भी दोनों पक्षों में बखेड़ा हुआ था। जिसके बाद पंकज ने अपने साथियों के साथ सुमित के घर पहुंचकर सुमित और उसकी मां को धमकी दी थी। लेकिन उस समय अन्य रिश्तेदारों ने मामला निपटाकर शांत करा दिया था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/