संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर की सड़कों पर आवारा पशु की भरमार है। ये निराश्रित गोवंश आए दिन लोगों को चोटिल कर रहे हैं, लेकिन नगर पालिका व पशुपालन विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। निराश्रित पशुओं की संख्या में लगातार हो रहे इजाफा से विभागीय कार्यशैली पर सवाल उठ रहा है। सड़कों पर घूमने वाले पशुओं से हादसों का भय और यातायात व्यवस्था बिगड़ती है। गोशालाओं में संरक्षण के बजाय कागजों तक कार्रवाई सीमित है।
शहर से लेकर गांव तक आवारा पशुओं के घूमने से ग्रामीण व शहर के नागरिक परेशानियों से जूझ रहे है। फसलों पर झुंड में पशुओं की तबाही का मंजर किसान देखता रहता है। लाठी डंडा उठाने पर पशु हमलावर तक हो जाते हैं। वहीं, सड़कों गलियों प्रमुख चौराहों में पशुओं का जमावड़ा यातायात तो प्रभावित करता ही है हादसों का भी सबब बनते है। कभी-कभी झुंडों में पशुओं के आपस में भिड़ने से परेशानियां उत्पन्न होती हैं।
इसी के चलते शहर मुख्य मार्ग, रेलपार कॉलोनी, कुड़ाना सिसौली रोड, सहारनपुर रोड, बनत रोड पर पशुओं के झुंड से यातायात बिगड़ने लगा और गाड़ियों की आवाजाही में समस्या खड़ी होने लगी। लोगों ने पशुओं को भगाने का प्रयास किया, लेकिन आवारा पशु टस से मस नहीं हुए। जबकि विभाग गोशालाओं में संरक्षित किए जाने का वादा किया जाता रहा है, लेकिन हकीकत कुछ और ही सामने दिखाई पड़ती है। रविवार को शहर के मुख्य मार्गों पर नजारा इस तरह का रहा।
- सीन- एक- स्थान : शहर का मुख्य मार्ग विजय चौक के पास
शहर के विजय चौक और फव्वारा चौक के बीच सड़क पर दो निराश्रित पशु सड़क के बीच से गुजर रहे थे, वाहन चालक देखकर सड़क के बीच में ही रुक गए। बाइक चालक भी डरकर निकलते हुए नजर आए।
- सीन-दो- स्थान मुख्य मार्ग भिक्की मोड़ के पास
शहर के मुख्य मार्ग पर इंडियन बैंक के सामने भिक्की मोड़ पर भी दो गोवंश खड़े होकर कूड़ा खाने में लगे थे, पास से गुजर रहे बाइक चालक टक्कर के डर से बड़ी तेज गति से उनके पास से गुजरा। इस कारण सामने से आ रहे दूसरे बाइक चालक को टक्कर लगने से बचा।
- सीन-तीन- स्थान माजरा रोड शौर्य पैलेस के पास
शहर के माजरा रोड पर एक गोवंश सड़क के बीच से गुजरता नजर आया। रिक्शा चालक के साथ टक्कर होने से बचा। वही दूसरा गोवंश शौर्य पैलेस के पास घूमता नजर आया। पास के ठेले वाले ने बताया कि कुछ देर पहले दो गोवंश आपस में लड़ रहे थे, जिस कारण तीन बाइक तोड़ डाली और दो युवक चोट लगने से बचे।
- सीन-चार- स्थान माजरा रोड पर एसबीआई इंश्योरेंस के पास
एक गोवंश शहर के माजरा रोड पर सड़क के बीच खड़ा हुआ था, रिक्शा चालक व अन्य वाहन चालक उसके दोनों ओर से निकल रहे थे, कई वाहन चालक टक्कर के डर से तेज गति से भी निकल रहे थे, जिस कारण हादसा होने का डर है।
- इन्होंने कहा
शहरी क्षेत्र में निराश्रित पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई नियमित रूप से चलती रहती है। अगर शहर में कहीं पर आवारा निराश्रित पशु घूम रहे हैं तो उन्हें पकड़वाकर उन्हें गोशाला में भिजवाया जाएगा। - विनोद कुमार सोलंकी, अधिशासी अधिकारी
शहर के विजय चौक व फव्वारा चौके बीच आवारा पशु। संवाद
शहर के विजय चौक व फव्वारा चौके बीच आवारा पशु। संवाद