सुनील कैथवास.... दिन भर तीखी धूप रही बेगम पुल के पास से गुजरते लोग
मोदीपुरम। पश्चिम उत्तर प्रदेश में मौसम फिर से बदल गया है। दिन में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, मंगलवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बारिश के आसार भी हैं।
पिछले दो-तीन दिन से सुबह के समय कोहरा कम दिखाई दे रहा है। इस समय शहरवासी दिन में धूप का आनंद ले रहे हैं। हालांकि, रात में पड़ रहा पाला सर्दी को बढ़ा रहा है। मौसम कार्यालय पर दिन का तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जनवरी माह में पहली बार रात का तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, दिन का तापमान भी इस माह दो दिन से 20 डिग्री के ऊपर चल रहा है। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि आज से दिन-रात का तापमान फिर से गिरेगा। एयर क्वालिटी इंडेक्स में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को शहर का एक्यूआई 133 दर्ज किया गया। गंगानगर में 104, जयभीमनगर 122, पल्लवपुरम 174, दिल्ली रोड 180, बेगमपुल 175 एक्यूआई दर्ज किया गया।