सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा के जंगल में चोरों ने मंगलवार रात किसान रमइलाही, आफताब, जुनाब अली व एक सरकारी नलकूप से ट्रांसफार्मर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी ट्रांसफार्मर के अंदर से कीमती सामान चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो घटना के बारे में जानकारी हुई। पीड़ित किसानों ने चोरी सूचना ऊर्जा निगम व पुलिस को दी। अधिशासी अभियंता दुर्गेश जायसवाल ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीडितों ने बताया कि आरोपियों ने ट्रांसफार्मर को खंभों से नीचे गिराकर उनके अंदर से कीमती सामान चोरी कर लिया। इससे तीन दिन पहले भी चोरों ने थाना क्षेत्र के जंगल में कई स्थानों पर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अभी पुलिस पहली घटना का खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि बेखौफ चोरों ने पुलिस के सामने दूसरी वारदात कर नई चुनौती पैदा कर दी है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।