जानीखुर्द। गांव शेखपुरी स्थित बालाजी धाम मंदिर में बुधवार रात आधा दर्जन से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर मंदिर के पुजारी को बंधक बनाकर दान पात्र के करीब तीस हजार रुपये और कुछ चांदी के जेवर लूट लिये। वहीं, पुलिस घटना की जांचकर बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
गांव शेखपुरी में जैनपुर मार्ग के समीप बालाजी धाम मंदिर है। बुधवार रात आधा दर्जन से ज्यादा नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुस आए। उन्होंने पुजारी कृष्णपाल और एक अन्य व्यक्ति को जगाकर तमंचे के बल पर कब्जे में ले लिया। इसके बाद बदमाशों ने दानपात्र से करीब तीस हजार रुपये और मूर्ति की चांदी की मालाएं लूट लीं। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पुुजारी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने रात में बदमाशों की तलाश की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।