मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के मैदा मोहल्ला में बीती आठ दिसंबर को हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस दो माह बीतने के बाद भी खाली हाथ है। पीड़ित परिजन शुक्रवार को एसएसपी से मिले तथा कार्रवाई की मांग की। वहीं, एसएसपी ने लालकुर्ती पुलिस को निर्देश देकर पीड़ित परिवार को घटना के जल्द खुलासे का भरोसा दिया।
पुलिस ऑफिस पहुंचे मैदा मोहल्ला निवासी जीत सोनकर ने बताया कि बीती आठ दिसंबर को उनकी बेटी की शादी थी। उनका एवं बड़े भाई अमरजीत सोनकर का परिवार शादी में व्यस्त था। रात में करीब 11 बजे कुछ बदमाश घर में घुस गए और वहां रखे करीब 40 लाख रुपये एवं जेवरात समेटकर फरार हो गए। पुलिस को सुबह में तहरीर दी गई। क्राइम ब्रांच के अतिरिक्त सर्विलांस टीम ने भी तफ्तीश की परंतु पुलिस पुख्ता सुराग नहीं लगा सकी है। उन्होंने बताया कि उनकी दो बेटियों की प्रस्तावित शादी प्रभावित होती दिख रही है। इस मौके पर परिवार की महिलाएं भी मौजूद रहीं।