खिवाई में एक साल से तैयार खड़ा वाटर कूलर का ढांचा।
- फोटो : SARDANA
एक साल में नहीं लगे 50 लाख के वाटर कूलर
सरूरपुर। नगर पंचायत खिवाई के सार्वजनिक स्थानों में वाटर कूलर लगाने के लिए एक साल पहले प्रस्ताव पास हुआ था। जिसके बाद वाटर कूलर के लिए ढांचा भी तैयार किया जा चुका है। लेकिन एक साल बीतने पर भी वाटर कूलर चालू नहीं हो सके है। लोगों ने चेयरपर्सन पर परिचितों के यहां वाटर कूलर लगवाने को लेकर तैयारी करने आरोप लगाते हुए कमिश्नर से शिकायत की है।
नगर पंचायत में खिवाई एक साल पहले कस्बे में 25 स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाने को लेकर प्रस्ताव पास हुए थे। ठेकेदार ने कार्य शुरू कराते हुए प्रारंभिक कार्य से ढांचा तैयार करा दिया था। लेकिन तब से ही वाटर कूलर लगाने का कार्य अधर में लटका हुआ है। कस्बे के लोगों का कहना है कि करीब 50 लाख की लागत से विभिन्न मोहल्लों में सार्वजनिक वाटर कूलर लगाए जाने का कार्य शुरू हुआ था। लेकिन चेयरपर्सन अपने खास लोगों के यहां वाटर कूलर लगाने की जिद पर अड़ गए। जबकि ईओ ने सर्वे के आधार पर ही वाटर कूलर की जगह चयनित की थी। इसकी शिकायत लोगों ने कमिश्नर से पत्र लिखकर की है। लोगों ने चेयरपर्सन पर भेदभाव की नीति पर विकास कार्य कराने के भी आरोप लगाए। शिकायत करने वालों में मोहम्मद, मोमीन, नौशाद, अनवार, नूरेन, अनूप सिंह, नजमा, नईम, रिशू, शाकिर अली आदि शामिल थे। उधर, इस संबंध में अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी का कहना है कि अब सर्वे के आधार पर 17 स्थानों पर वाटर कूलर लगाने का कार्य पूरा करा दिया जाएग। इसको लेकर कार्य आदेश जारी कर दिया गया है। वहीं चेयरमैन रंगीला बेगम ने बताया कि लोगों द्वारा लगाए गए आरोप गलत है। पूर्व में तय किए गए कार्यों के आधार पर ही वाटर कूलर लगाने का काम किया जा रहा है।