मुंडाली। मुंडाली थानांतर्गत गांव इलाहाबाद की मढैया अजराड़ा में बुधवार रात बिना वजह गांव के ही युवकों ने मकान के सामने फायरिंग की और धमकी देकर गए। मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा मामला कैद हो गया।
मुंडाली थाने पर इलाहाबाद मढैया अजराडा निवासी सतवीर सिंह ने तहरीर में बताया कि बुधवार रात गांव के ही तरुण, उसके भांजे हर्षित व जोनू उर्फ जितेंद्र, जितेंद्र उर्फ भोलू, भूपेंद्र, अरुण अचानक उनके मकान के पास फायरिंग करने लगे। फायरिंग करने का कारण पूछता तो उन्होंने कहा कि अपनी इच्छा से फायरिंग कर रहे हैं। आरोपी उसके बेटे आर्यन का गला दबाने लगे तो उसकी पत्नी घर से बाहर आई। आरोपियों ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की की। तभी अन्य लोग इकट्ठा हो गए।
आरोपी धमकी देकर गए कि दोबारा आकर फायरिंग करेंगे। सतवीर सिंह ने बताया कि वह दिल्ली में एक निजी अस्पताल में नौकरी करते हैं। वह उस समय घर पर नहीं थे। सूचना पर आकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि तहरीर ले ली है। जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।