संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर(बिजनौर)। सराफ की दुकान पर नौकरी कर रहे 22 वर्षीय युवक अभिषेक शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबने के कारण दम घुटने से मौत होना सामने आया है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामले में सराफ से भी जानकारी ली है।
शुक्रवार को अलंकार ज्वैलर्स के स्वामी प्रमोद वर्मा के प्रतिष्ठान पर चार माह से कार्य कर रहे ग्राम जैतरा निवासी अभिषेक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव प्रतिष्ठान के पास की सीढि़यों की रेलिंग में फंसा मिला था। उसके परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक धर्म सिंह मार्छाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबने से मौत होना पाया गया है। पुलिस ने इस मामले में साक्ष्य एकत्र करने शुरू कर दिए है। सराफा व्यापारी प्रमोद वर्मा से भी जानकारी की गई है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।