मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव कलीना में ससुरालियों ने दहेज की खातिर विवाहिता को लाठी-डंडों से पीट पीटकर मार डाला। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे पीड़ित परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते पुलिस चौकी का घेराव किया। वहीं शव को रोड पर रखकर जाम लगा दिया। बताया गया कि ससुराल वाले दो लाख रुपए और कार की मांग कर रहे थे। शादी के बाद से ही महिला को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था और उसके साथ मारपीट करते थे।
पढ़ें : ड्राइवर को लगी झपकी और खत्म हो गईं पांच जिंदगियां, देखें तस्वीरें
बागपत के बडौली निवासी गुलिस्ता का निकाह दो साल पहले नौशाद पुत्र महमूद के साथ हुआ था। महिला के परिजनों को जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंच गए और खिवाई चौकी पर हंगामा कर दिया। इतना ही नहीं बल्कि शव रोड पर रखकर जाम लगा दिया। पीड़ित परिजनों ने ससुरालियों पर आरोप लगाया कि हत्यारों ने हत्या को अंजाम देकर शव को फांसी पर लटका दिया। परिजनों ने पुलिस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सूचना देने के बाद भी सीओ नहीं पहुंचे।
बताया जा रहा है कि महिला का पति शराब का आदि था और आए दिन महिला के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करता था। दंपति के छह माह की एक बच्ची (माहिरा) थी। पति कुछ काम नहीं करता था। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। आरोप साबित होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ससुराल के सभी सदस्य घर से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/