- पति, मां और बहन समेत परिवार के अन्य सदस्यों को पीटने की दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। दौलतपुर गांव में विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों पर पति और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित पति ने साले और साली समेत अन्य लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
दौलतपुर गांव निवासी आसिफ पुत्र रफीक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। आरोप है कि 12 नवंबर की शाम उसके ससुराल पक्ष और तीन अज्ञात लोग उसके घर पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए आसिफ, उसकी मां हनीफा और छोटी बहन आसिफा के साथ मारपीट की। शोर सुनकर गांव के मोहित, सोमपाल और सिपट्टर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया।
आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की। आसिफ का आरोप है कि इसी दौरान उसकी पत्नी नजमा ने घर का सामान चार थैलों में भरा और मायके पक्ष के लोगों के साथ चली गई। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने और दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दी। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।-