मेरठ। फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज संचालित करने वाले आरोपी शादाब की मां व उसकी पत्नी पर एक लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने लिसाड़ी गेट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
समर गार्डन निवासी रहीसुद्दीन ने बताया कि पुलिस ने शातिर शादाब को फर्जी दूरसंचार केंद्र संचालित करने में कई लोगों के साथ गिरफ्तार किया था। उसका भाई रहीस भी इस मामले में जेल गया था। शादाब, रहीस व अन्य लोग इस मामले में अभी जेल में है। रहीसुद्दीन ने बताया कि सोमवार को वह किसी काम से आइसा मस्जिद के पास गया था। इसी दौरान शादाब की मां शाहजहां व पत्नी रुबीना मिली।
उन्होंने उससे रास्ते में रोक लिया और एक लाख रुपये की रंगदारी देने को कहा, ताकि वह शादाब की पैरोकारी कर सके। आरोप है कि उसने इन्कार किया तो आरोपियों ने उसे फर्जी केस में जेल भिजवाने और जान से मारने की धमकी दी। रहीसुद्दीन की तहरीर पर लिसाड़ी गेट पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।