मवाना। नगर निवासी दूसरे समुदाय के युवक द्वारा युवक से किन्नर बने क्षेत्र के एक गांव निवासी से शादी करने का मामला सोशल मीडिया पर गरमाया हुआ है। उनकी शादी के फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि, युवक से किन्नर बने युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर शादी करने से इन्कार किया है। कहा कि यह एनजीओ द्वारा शूट था, जिसके लिए दोनों को पैसा मिला है।
दो दिन से नगर निवासी दूसरे समुदाय का युवक और क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक चर्चा में है। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि नगर निवासी दूसरे समुदाय के युवक द्वारा शिमला में एक किन्नर से शादी की है। जिसका फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बताया गया कि दूसरे समुदाय का युवक सऊदी भी रहकर आया है। दोनों की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चा है। वीडियो व फोटो में दोनों अग्नि के आगे बैठे हुए हैं। फेरों के लिए आते हुए, जयमाला व केक काटते आदि फोटो और वीडियो वायरल हैं। जिस युवक को सोशल मीडिया पर किन्नर बताया जा रहा है वह थाना क्षेत्र के पास के ही गांव का ही युवक है।
लगातार सोशल मीडिया पर फोटो व वीडियो वायरल होने के बाद युवती का रूप धरे गांव निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो वायरल करते हुए सफाई दी है कि उसकी कोई शादी नहीं हुई है। यह एक एनजीओ के लिए शूट किया जा रहा था। जिसके लिए दोनों को पैसे मिले हैं। कोई शादी नहीं की है। रियल लाइफ से इसका कोई लेना देना नहीं है। जिससे शादी की बात कही जा रही है, वह केवल दोस्त है।