संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात में लंपी स्किन डिजीज के प्रकोप से पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। गांव के कई किसानों की भैंसें बीमारी की चपेट में आ गई हैं। संक्रमित पशुओं के शरीर पर गांठें निकल आई हैं, तेज बुखार की शिकायत है और दूध उत्पादन में भी कमी आई है। इससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि संक्रमण धीरे-धीरे फैल रहा है। उन्होंने पशुपालन विभाग से गांव में चिकित्सकीय टीम भेजकर बीमार पशुओं का उपचार कराने और व्यापक टीकाकरण अभियान चलाने की मांग की है। गांव निवासी सतबीर भाटी, नीरज बैंसला, अर्जुन भाटी किसानों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बीमारी आसपास के गांवों में भी फैल सकती है।
पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों को संक्रमित पशुओं को स्वस्थ मवेशियों से अलग रखने, पशुशालाओं में नियमित साफ-सफाई और कीटनाशक का छिड़काव करने तथा लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी है।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभारी ओम प्रीति ने बताया कि क्षेत्र में लंपी रोग की रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की टीमें लगातार गांवों का भ्रमण कर रही हैं। पशुपालकों से अपील की गई है कि किसी भी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर उपचार और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।