संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के लिए चलाए जा रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत आपत्तियों की सुनवाई की गई। तहसीलदार ज्योति सिंह ने तहसील परिसर में पहुंचकर मतदाताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर उनका निस्तारण कराया।
सुनवाई के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने, संशोधन तथा स्थानांतरण से संबंधित आपत्तियां प्राप्त हुईं। तहसीलदार ज्योति सिंह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत करीब एक हजार नोटिसों का निस्तारण किया गया है। पात्र मतदाताओं को मताधिकार से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए सभी मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया। तहसीलदार ने लावड़ क्षेत्र में भी पहुंचकर मतदाताओं की आपत्तियों की सुनवाई की। उन्होंने वहां भी मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान में भाग लेने की अपील की।