मवाना थाना क्षेत्र के भिड़वारा गांव में भांजी की शादी में फायरिंग करने के आरोपी कथित भाजपा नेता रोबिन मोरल को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। अलबत्ता उसने फेसबुक अकाउंट से नोटों की गड्डी गिनने का वीडियो डिलीट कर दिया है।
मवाना थाना क्षेत्र के गांव भिड़वारा में 20 अप्रैल को राजेंद्र सिंह की दो बेटियों की शादी थी। एक बेटी की बरात हुमायूंपुर व दूसरी बेटी की बरात करीमपुर भंडोरा से आई थी। विवाह समारोह में राजेंद्र सिंह की पत्नी का गढ़मुक्तेश्वर के गांव नानपुर निवासी भाई रोबिन मोरल भांजियों की शादी में भात देने के लिए आया था। रोबिन काले रंग की फरीदाबाद नंबर की नई स्कॉर्पियो में सवार होकर अपने साथियों के साथ अवैध हथियार लेकर आया था। बताते हैं कि मोरल ने बरात आने और दुल्हन की विदाई के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इससे गांव में दहशत फैल गई। इस दौरान किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दे दी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी स्कॉर्पियो और चार अवैध हथियार छोड़कर अपने साथियों के साथ भाग गया था। हालांकि पुलिस का कहना था कि अवैध हथियार की सूचना पर स्कॉर्पियो की तलाशी ली गई। डैशबोर्ड और सीटों के नीचे .32 बोर की पिस्टल (मेड इन इटली), एक .315 बोर का तमंचा, एक .12 बोर का तमंचा और एक पौनिया तमंचा, .32 बोर और .315 बोर के कई कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा रोबिन के परिचय पत्र, डेबिट कार्ड भी बरामद किए गए।
काला घोड़ा लिखकर पोस्ट किया था नोटों की गड्डियों का वीडियो
रोबिन मोरल ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपने साथियों के साथ नोटों की गड्डियां गिनते हुए एक वीडियो शेयर किया था। इसमें उसने काला घोड़ा लिखा था। वीडियो के साथ उसने काली गाड़ी रखे काले काम करे तू... गाना लगाया था। अमर उजाला ने आरोपी के अवैध हथियारों की तस्करी का काम करने की आशंका जताते हुए समाचार प्रकाशित किया था। अब इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया है। हालांकि भाजपा से जुड़ी पोस्ट अभी भी उसके फेसबुक पर मौजूद हैं।
जिलाध्यक्ष का दावा- रोबिन भाजपा का कार्यकर्ता भी नहीं
रोबिन की जिस स्कॉर्पियो से हथियार बरामद किए गए उसके पिछले शीशे पर लगे बैनर पर जय भाजपा-तय भाजपा, रोबिन मोरल (नानपुर), प्रत्याशी ब्लॉक प्रमुख गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) लिखा था। आगे शीशे पर मंडल अध्यक्ष खरखौदा का स्टीकर व भाजपा का झंडा लगा था। हालांकि हापुड़ जिले की जिलाध्यक्ष कविता माधुरे ने दावा किया है कि रोबिन मोरल उनकी पार्टी का कार्यकर्ता भी नहीं है।
कोट
रोबिन की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वह अवैध हथियार की तस्करी करता है या नहीं। इसकी भी जांच की जा रही है। अवैध हथियार कहां से आए और इस काम में और कौन शामिल है। इसका भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभिजीत कुमार, एसपी देहात