सरधना। क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने पड़ोसी युवक पर अश्लील हरकतें करने, पीछा करने, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि वह दो महीने से कार्रवाई की गुहार लगा रही है, लेकिन थाना पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक कई माह से उसे परेशान कर रहा है। वह आए दिन मोबाइल पर आपत्तिजनक मैसेज भेजता है, रास्ते में छेड़छाड़ करता है और घर के बाहर खड़ा होकर ताक-झांक करता है। महिला का कहना है कि विरोध करने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देता है। पीड़िता ने 31 मई को सरधना थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। बृहस्पतिवार को पीड़िता ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा से मुलाकात कर जानकारी दी। पीड़िता ने थाना प्रभारी पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया और उनके खिलाफ जांच की मांग की। सीओ संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि पीड़िता से प्रकरण की जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।