बागपत में मीतली-पाबला बेगमाबाद मार्ग पर बसी टीकरी गांव के पास ट्रक ने बाइक को कुचल दिया। इससे बाइक सवार चालक और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर घायल हो गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। आरोपी चालक को ट्रक के साथ गिरफ्तार किया। मृतक अपनी दोनों बेटियों को गांधी जयंती के कार्यक्रम में छोड़ने के लिए जा रहा था।
बसी टीकरी गांव निवासी इंद्रपाल (45) अपनी पुत्री पूजा (16) और कीर्ति (14) को कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी के महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल में बाइक से छोड़ने जा रहा था। गांव से निकलते ही मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को कुचल दिया। इससे तीनों गंभीर घायल हो गए। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। घायलों को बालैनी के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां के चिकित्सकों ने इंद्रपाल और उनकी बेटी कीर्ति को मृत घोषित कर दिया। पूजा की हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर किया। उसका मेरठ के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
उधर, हादसे के बाद ट्रक छोड़कर भाग रहे आरोपी चालक को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंपा। आरोपी चालक महावीर निवासी तेड़ा है। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मृतक इंद्रपाल भी रटौल क्षेत्र के एक स्कूल की बस को चलाता है। मृतक इंद्रपाल के एक बेटा गौरव और एक बेटी पूजा है। दूसरी बेटी कीर्ति की मौत हो गई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
हंगामा, जाम लगाने की कोशिश
विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अग्रवाल मंडी टटीरी। हादसे के बाद लोगों ने हंगामा कर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन जिम्मेदार लोगों ने उनको समझा-बुझाकर शांत कर दिया। पुलिस ने उसको पूरी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ईमानदार सिपाही ने भ्रष्ट सिस्टम को दिखाया आईना
अग्रवाल मंडी टटीरी। भ्रष्टाचार से खोखले होते जा रही सिस्टम को एक सिपाही ने आईना दिखाया। हादसा होने के बाद कस्बा चौकी में तैनात सिपाही प्रवेश ट्रक को चौकी ले जाने लगा। तलाशी लेने पर ट्रक में रखे 48 हजार रुपये और कागज मिले। उसने पूरी रकम और कागज ट्रक मालिक को लौटा दिए। सिपाही की इमानदारी की हर किसी ने प्रशंसा की। यही नहीं अफसरों ने भी उसे सराहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में करना था प्रतिभाग
अग्रवाल मंडी टटीरी। दोनों बहनों को महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल में गांधी जयंती पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेना था। घायल पूजा नेशनल स्तर पर डांस में गोल्ड मेडल जीत चुकी है। जबकि मृतका कीर्ति ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में टॉपर रही । पिता इंद्रपाल अपनी दोनों बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते थे। स्कूल अध्यक्ष मनोज आर्य बताते हैं कि जिस दिन कार्यक्रम आयोजित होते थे खुद इंद्रपाल या उनके परिवार से ही दोनों बेटियों को एक सदस्य लेकर स्कूल पहुंचता था। हादसे के बाद स्कूल में शोक छा गया। स्कूल प्रबंधक अशोक सिंघल, अध्यक्ष मनोज आर्य और क्रीडा अध्यक्ष प्रियंका आर्य ने गांव में पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/