सरधना। मोहल्ला भाटवाड़ा में चोरी के दौरान खंडित शिवलिंग। शिकायतकर्ता
सरधना। नगर के मोहल्ला भाटवाड़ा में प्राचीन शिव मंदिर में मंगलवार को एक चोर ने तोड़फोड़ करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। स्थानीय निवासियों ने आरोपी इमरान को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि चोर को पकड़ने के बाद पुलिस काफी देर बाद पहुंची। चोरी का आरोपी दूसरे समुदाय का होने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया। हालांकि, गणमान्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर सभी को समझाकर शांत किया।
प्राचीन शिव मंदिर भाटवाड़ा की समिति के सदस्य राकेश राय ने बताया कि मंगलवार की दोपहर एक युवक मंदिर की मूर्ति के शीशे को तोड़ रहा था। जानकारी की तो आरोपी चोर ने पूजा करने की बात कही। जबकि मौके पर दानपात्र का ताला और शिवलिंग पर लगी नाग की आकृति भी टूटी हुई थी। मंदिर में चोरी की जानकारी होने पर आरोपी को पकड़ते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। हालांकि, सूचना के काफी देर बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इमरान बताया तो स्थानीय लोगों में रोष फैल गया। इससे पूर्व भी मंदिर के दानपात्र से नकदी और एक मूर्ति से चांदी का छत्र चोरी करने की घटना को उसने करना स्वीकार किया। बताया गया कि तांबे से बनी नाग की आकृति को चोरी करने आया था। चोरी के दौरान मंदिर के शिवलिंग पर नाग की आकृति को खंडित करने व दूसरे समुदाय के आरोपी को लेकर तनाव बन गया था।
मंदिर समिति के आशीष, यश भारद्वाज, प्रवीण शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर उसका चालान कर दिया।