सरधना। कस्बे के बिनौली रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर ग्राहक को कम पेट्रोल देने के मामले में बुधवार को आपूर्ति विभाग और इंडियन ऑयल की टीम ने पंप पर पहुंचकर जांच की। जांच रिपोर्ट गोपनीय रखी गई है। टीम जांच रिपोर्ट को उच्च अधिकारियों को सौंपेगी। इसके बाद पेट्रोल पंप पर कार्रवाई संभावित है।
मंगलवार को इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पहुंचे बाइक सवार मोहल्ला तकियाकैत निवासी शाह आलम ने सेल्समैन को 210 रुपये का पेट्रोल देने के लिए कहा था। वह बाइक में पेट्रोल डलवाकर चलने लगा तो बाइक के मीटर में कोई हरकत नहीं हुई। इसे लेकर ग्राहक को धांधली का शक हुआ। उसने मौके पर ही बाइक मिस्त्री को बुलाकर टंकी खुलवाई। बाइक की टंकी में नाममात्र ही तेल निकला। इसे लेकर पीड़ित ग्राहक ने पंप कर्मचारियों पर धांधली का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बुधवार को आपूर्ति विभाग और इंडियन ऑयल की टीम पेट्रोल पंप पर पहुंची और जांच की।
उधर, समाजसेवी शाहवेज अंसारी, अधिवक्ता मुहम्मद साकिब के साथ पीड़ित शाहआलम ने एसडीएम उदित नारायण सेंगर को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने पंप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पेट्रोल पंप मैनेजर मुनेश शर्मा का कहना है कि पंप पर सब ऑटोमेटिक ऑनलाइन सिस्टम है। सभी रिपोर्ट टीम को उपलब्ध करा दी गई है।