श्रीरामा संकीर्तन मंदिर लालकुर्ती में शिव महापुराण कथा में महाकवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती मनाई
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। श्रीरामा संकीर्तन मंदिर लालकुर्ती में चल रही शिव महापुराण कथा में कथा व्यास पंडित अंबुज मिश्रा ने सती चरित्र का विस्तार से वर्णन करते हुए मां पार्वती के जन्म की कथा सुनाई।
कथा में माता पार्वती के जन्म का प्रसंग सुनाया गया साथ ही महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। मुख्य यजमान कविता मारवार और लता मल्होत्रा रहीं। पंडित सुधीर बाजपेयी ने विधिविधान से पूजन संपन्न कराया। ट्रस्ट के महामंत्री सुरेश छाबड़ा ने तुलसीदास जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाकवि तुलसीदास ने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।
इस अवसर पर पंडित कपिल भारद्वाज, ज्योति शर्मा, डोली गुप्ता, कमलेश आर्य और वीनू मिर्ग को सुंदरकांड पाठ के लिए बधाई दी गई। प्रचार सचिव पंडित राजेश शर्मा और नवीना छाबड़ा ने श्रद्धालुओं से शिव विवाह कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।