मवाना। गांव निडावली के निवासियों ने श्मशान की भूमि पर अवैध कब्जे को हटाने और मार्ग निर्माण कराने के लिए तहसीलदार को प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि श्मशान भूमि पर अवैध कब्जा होने के कारण शवों का अंतिम संस्कार करने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
गांव निडावली निवासी अर्जुन, अमन सिंह, शौकिंद्र आदि ने तहसीलदार निरंकार सिंह को दिए पत्र में बताया कि गांव में स्थित श्मशान भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर रखा है। इसके कारण गांव में अंतिम संस्कार संभव नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों को शव आठ किलोमीटर दूर मखदूमपुर में गंगा किनारे ले जाकर अंतिम संस्कार करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि वह इससे पूर्व 12 जुलाई और 1 अगस्त को तहसील समाधान दिवस में भी प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने तहसीलदार से श्मशान भूमि को अविलंब कब्जा मुक्त कराने और वहां आने-जाने के लिए आठ फुट चौड़े रास्ते का निर्माण कराने की मांग की है। तहसीलदार ने लेखपाल को भेजकर जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।