तहसील मुख्यालय पर धरने पर बैठे अधिवक्ता
- फोटो : SARDANA
अपर तहसीलदार के खिलाफ धरना जारी
सरधना। सरधना बार एसोसिएशन द्वारा अपर तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तहसील मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को भी धरना जारी रहा। कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं धरने को मवाना बार एसोसिएशन ने भी समर्थन किया है।
सरधना तहसील के पूर्व बार अध्यक्ष स्वर्गीय रामबीर सिंह राणा की पत्रावली पर अधिवक्ताओं का आरोप है कि एक आदेश के दौरान अशोभनीय टिप्पणी की थी। जिसको लेकर 16 अगस्त 2019 को एक आमसभा की बैठक बुलाई गई। जिसमें अपर तहसीलदार की कोर्ट के न्यायिक कार्य का बहिष्कार करने के साथ धरना प्रदर्शन किया गया था। तब से लेकर अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुये अधिवक्ताओं ने 18 सितंबर से फिर से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को राजस्व न्यायालयों में कार्य बहिष्कार कर अधिवक्ता धरना स्थल पर बैठे। धरने को मवाना बार एसोसिएशन ने भी अपना समर्थन दिया है। बार अध्यक्ष चौधरी जयवीर सिंह, नवनीत गौतम, संजीव पंवार, अशोक त्यागी, चौधरी अजीत सिंह, विश्वेश कौशिक, रिछपाल सिंह, अकील अहमद, प्रशांत त्यागी, चौधरी सत्यवीर सिंह, कमलराज, अरुण कुमार जैन, बलवीर आदि ने विचार रखे। इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को जिला स्तर पर करने की चेतावनी दी है।